Indian News : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में घटिया क्वालिटी और अवैध तरीके से भंडारित धान पर जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को जिले के 3 धान खरीदी केंद्रों में जांच के बाद 17 किसानों से 1140 बोरा अमानक धान जब्त किया गया है।

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों पर कार्रवाई की। राजस्व, खाद्य, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को अमानक होने के कारण 3 धान उपार्जन केंद्रों में 17 किसानों से 1 हजार 140 बोरी धान जब्त किया। इनमें धान उपार्जन केंद्र बस्ती में 9 किसानों से 646 बोरी, धान उपार्जन केंद्र लालपुर में 1 किसान से 300 बोरी और धान उपार्जन केंद्र कोड़गार में 7 किसानों से 194 बोरी धान जब्त किया गया है। मध्यप्रदेश से सटे सीमावर्ती केंद्रों में विशेष निगरानी बरती जा रही है।

व्यापारियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान का भंडारण एवं बिक्री के लिए रखे गए कुल 716 बोरी धान को भी जब्त किया गया। राजस्व, खाद्य, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। 3 धान उपार्जन केंद्रों में 8 किसानों से 235 बोरी धान अमानक होने पर और 3 गोदामों और एक घर में अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर 481 बोरी धान जब्त किया गया।

इनमें धान उपार्जन केंद्र नवागांव में 2 किसानों से 128 बोरी, पेंड्रा धान उपार्जन केंद्र में 4 किसानों से 54 बोरी और लरकेनी धान उपार्जन केंद्र में 2 किसानों से 53 बोरी धान जब्त किया गया। इसी तरह मंगली बाजार गौरेला में 3 व्यापारियों के गोदाम से 132 बोरी, चना डोंगरी के एक व्यापारी के गोदाम से 137 बोरी, तेंदूमुड़ा में एक व्यापारी के गोदाम से 52 बोरी और चनाडोंगरी में एक व्यापारी के घर से 60 बोरी धान जब्त किया गया है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बुधवार को भी 7 किसानों से बदरंग, मिश्रित और खराब गुणवत्ता का 146 क्विंटल धान जब्त किया गया था। पेंड्रा के धान खरीदी केंद्र में की गई कार्रवाई के बाद धान को मंडी प्रबंधक को सुपुर्द कर दिया गया। जब्त धान में किसान राम खिलावन का 14 क्विंटल, डालमन सिंह का 34 क्विंटल, नवल सिंह राठौर का 20 क्विंटल, राम खिलावन का 16 क्विंटल, नरेश चंद्र का 48 क्विंटल, कंवल का 10 क्विंटल और अजय कुमार सुल्तानिया का 4.40 क्विंटल धान शामिल है।

धान खरीदी का आखिरी सीजन चल रहा है, ऐसे में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ का सीमावर्ती इलाका होने के कारण गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के धान खरीदी केंद्रों में व्यापारी और बिचौलिए काफी सक्रिय हैं। वे किसान और धान खरीदी केंद्र में सांठगांठ कर खराब और गुणवत्ताहीन धान खपाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही है।

धान खरीदी केंद्र गौरेला में मंगलवार को निरीक्षण के दौरान बदरंग, मिश्रित, पुराना एवं डंकयुक्त धान होने के कारण 4 किसानों से कुल 147 बोरी धान जब्त किया गया था। इसमें किसान रामनारायण का 110 बोरी, अभिलाप कुमार पटेल का 14 बोरी, कल्याण सिंह का 10 बोरी और शुकुल सिंह का 13 बोरी धान शामिल है। निरीक्षक दल में राजस्व, खाद्य, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी शामिल थे।

@indiannewsmpcg

Indian News

You cannot copy content of this page