Indian News : देशभर में शिव-पार्वती के विवाह उत्सव शिवरात्रि की धूम है। काशी, महाकाल, हरिद्वार, ओंकारेश्वर, सोमनाथ समेत सभी ज्योतिर्लिंगों और बड़े शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी है। उत्तरप्रदेश के काशी के विश्वनाथ मंदिर में बाबा के दर्शन के लिए पूरी रात भक्त लाइन में लगे रहे। वाराणसी पुलिस का दावा है कि सुबह 8.30 बजे तक 3 लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं। ऐसा ही हाल उज्जैन में महाकाल का है। यहां भी सुबह 8.30 बजे तक पौने दो लाख श्रद्धालुओं ने महाकाल के दर्शन किए हैं।

गुजरात के धर्मपुर में 31 लाख रुद्राक्षों से 31.5 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया गया है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की 2 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। मंदिर के पट तड़के 3 बजे खुल गए थे। अब तक 2 लाख भक्तों ने दर्शन कर लिए हैं।

महाकाल मंदिर के पट आज एक घंटे पहले सुबह 3 बजे खोल दिए गए थे। आमतौर पर सुबह 4 बजे यह पट खुलते हैं। पट खुलने के बाद सुबह 4 बजे से 5 बजे तक भस्मारती हुई। जिन्हें पास मिले हुए थे, उन्होंने गर्भगृह के करीब गणेश मंडपम में बैठकर भस्मारती के दर्शन किए। जबकि, आम श्रद्धालुओं ने छत के रास्ते कार्तिक मंडपम से भस्मारती दर्शन किए।

भक्त लगातार 44 घंटे तक दर्शन कर सकेंगे
महाकाल में 19 फरवरी की रात तक गर्भगृह के कपाट खुले रहेंगे। इस तरह यहां भक्त लगातार 44 घंटे तक दर्शन कर सकेंगे। शिवरात्रि के अगले दिन यानी 19 फरवरी को सुबह 11 बजे महाकाल का सेहरा उतारा जाएगा। उनके स्वर्ण आभूषण लॉकर में रखकर सील किए जाएंगे। दोपहर 12 बजे से भस्म आरती होगी, जो साल में एक बार ही दिन में आयोजित की जाती है।

क्षिप्रा तट पर अयोध्या का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
महाशिवरात्रि पर उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम होगा। इसमें बनने वाले वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए 21 लाख दीये जलाए जाने हैं। इसके लिए 52 हजार लीटर तेल, रुई की 25 लाख बाती, 600 किलो कपूर और चार हजार माचिस मंगाई गई हैं। अभी तक अयोध्या में 15.76 लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड है। खास बात यह है कि पूरा कार्यक्रम जीरो वेस्ट होगा। इधर, वाराणसी में भारत की मेजबानी में हो रही G-20 की थीम पर शिव बारात का आयोजन किया जाना है।

जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ मंदिर में एक भक्त को लाइन में लगने से लेकर दर्शन करने तक में औसतन 30 से 35 मिनट का वक्त लग रहा है। मंदिर का पट सुबह 3.30 बजे खुल गया था। वाराणसी पुलिस का दावा है कि सुबह (6 बजे तक) विश्वनाथ मंदिर में 2 लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं।

@indiannewsmpcg

Indian News

You cannot copy content of this page