Indian News : मुंबई। कहते हैं जोड़ियां ऊपर वाला बनाता है। तभी तो जब यहां बात शादी तक पहुंच गई और थोड़ी ही देर में जयमाल होने वाला था, उसके पहले ही दुल्हन ने दूल्हे की जगह दोस्त को वरमाला पहना दी।

दरअसल, 24 अप्रैल को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के मलकापुर पंगरा गांव दूल्हा कार से उतरकर अपने दोस्तों के साथ नाचने लगा। इस दौरान वह इतनी देर तक नाचता रहा कि लड़की के पिता नाराज हो गए और शादी में आए दूसरे लड़के को बुलाकर बेटी की शादी करा दी। उनका कहना था कि दूल्हे को शराब के नशे में देखकर उन्होंने अपनी बेटी की शादी उससे नहीं करने का फैसला वहीं कर लिया।


इसके बाद बारात को भी भगा दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि बारात मुहूर्त के बाद शाम चार बजे गेट पर पहुंची और दूल्हा रात आठ बजे तक नाचता रहा। देर से आने का कारण पूछने पर बाराती मारपीट पर उतर आए। उसी समय शादी उस लड़के से नहीं करने का फैसला कर लिया गया।


मगर, बारात दरवाजे पर थी और शादी नहीं होती, तो बड़ी बदनामी होती। लिहाजा, पंचायत तक मामला जब पहुंचा तो तय हुआ कि लड़की की शादी इसी मंडप में दूसरे लड़के से करा दी जाए। इस दौरान बारात में शामिल एक लड़का, लड़की के पिता को पसंद आ गया। बात करने पर वह राजी हो गया और दोनों की वहीं धूमधाम से शादी करा दी गई। खास बात यह है कि लड़का और लड़की भी अच्छे दोस्त हैं।


हालांकि, इस बात से लड़के को भी कोई फर्क नहीं पड़ा। उसने दूसरे ही दिन धूमधाम से दूसरी लड़की से शादी कर ली। मगर, इस बार न तो शादी से पहले उसने डांस किया और न ही बारातियों ने शराब पी।

You cannot copy content of this page