Indian News : चीन समेत दुनियाभर के कई देशों में कोरोना ढहाने वाले ओमिक्रॉन के सब वेरिएंट BF.7 के केस अब भारत में भी बढ़ने लगे हैं। गुजरात और ओडिशा के बाद अब पश्चिम बंगाल में बीएफ.7 के मामले सामने आए हैं। यहां इस वेरिएंट से चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बुधवार को बताया कि हाल में अमेरिका से लौटे चार लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग से पुष्टि हुई कि वे कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमित हैं। हालांकि सभी की हालत स्थिर है।

अधिकारी ने बताया कि चार लोगों में से तीन नदिया जिले के हैं जो एक ही परिवार से हैं, जबकि एक बिहार का रहने वाला है, लेकिन अभी कोलकाता में रहता है। उन्होंने बताया कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग को पता चला कि कुल 33 लोग इन चार संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए हैं। आनन-फानन में संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच की गई तो सभी स्वस्थ मिले और हालांकि उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पिछले महीने से कोलकाता हवाई अड्डे पर विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की जांच में जिन व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी, उनके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। पिछले हफ्ते कोलकाता हवाई अड्डे पर एक विदेशी नागरिक समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनकी जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चला था कि वे बीएफ.7 से संक्रमित हैं। जानकारी के मुताबिक, गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र ने बताया था कि अक्टूबर में भारत में BF.7 के पहले मामले का पता चला था। अभी तक गुजरात में तीन और ओडिशा में एक मामला सामने आया था लेकिन अब बंगाल में भी इसके मामले सामने आए हैं।

24 घंट में कोरोना से 175 लोग संक्रमित
भारत में पिछले 24 घंट में 175 नए मामले दर्ज किए गए। देशभर में कोरोना का डेली पॉजिटिविटी रेट इस समय 0.09% है वहीं वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.12% है। कोरोना वायरस के खिलाफ राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कुल 220.11 करोड़ टीके की खुराक (95.13 करोड़ सेकंड डोज और 22.41 करोड़ बूस्टर डोज) दी जा चुकी है।

24 घंटों में 2 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट
पिछले 24 घंटों में वैक्सीन की 48,292 खुराक दी गई है। भारत का सक्रिय केसलोड इस समय 2,570 (0.01%) है। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.8% है। बीते एक दिन में 187 लोग ठीक हुए और इसके साथ ही कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,45,854 हो गई. अब तक कुल 91.13 करोड़ टेस्ट किए गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में 2,01,690 टेस्ट किए गए हैं।

बदन दर्द है इसका मुख्य लक्षण

राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार ग्रुप (NTAGI) में वैक्सीनेशन के चेयरमैन डॉ. एनके अरोड़ा के मुताबिक बदन दर्द इसका मुख्य लक्षण है। अगर किसी को लंबे समय से शरीर में दर्द हो रहा है तो उसे कोविड टेस्ट कराने की जरूरत होगी। इसके अलावा, गले में खराश, थकान, कफ और बहती नाक भी इस सब वेरिएंट के लक्षण हो सकते हैं।

केरल में कोविड एक्सपर्ट डॉक्टर राजीव जयदेवन ने नए सब-वेरिएंट पर जानकारी देते हुए इंडिया टुडे को बताया है कि यह वेरिएंट वैक्सीन को मात दे सकता है। साथ ही शरीर के नए इम्यूनिटी सिस्टम को भी भेद सकता है। हालांकि इसके ओमिक्रोन से अधिक गंभीर होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। कुछ बुजुर्ग, अस्वस्थ और वैक्सीन ना लगे लोगों को निमोनिया हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार BA.5 की तुलना में BF.7 करीब 18 प्रतिशत ज्यादा तेजी से फैल रहा है। यह सब-वेरिएंट फुल वैक्सीनेट और अच्छी इम्यूनिटी वाले लोगों को भी चपेट में ले सकता है।

@indiannewsmpcg

Indian News

You cannot copy content of this page