Indian News : चेन्नई | बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात दितवाह अब कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल गया है, लेकिन इसके असर से दक्षिण भारत में भारी बारिश और बाढ़ का संकट बना हुआ है। तमिलनाडु में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चेन्नई, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में रेड अलर्ट जारी है। इस बीच श्रीलंका में चक्रवात ने भारी तबाही मचाई, जहां 334 लोगों की मौत और 370 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
Read More>>>>Uttar Pradesh : हमीरपुर में कालपी तिराहा से अवैध खनन के 5 आरोपी गिरफ्तार
दितवाह हुआ कमजोर, लेकिन खतरा अभी भी जारी : भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात दितवाह रविवार देर रात गहरे दबाव (Deep Depression) में बदल चुका है। इसका केंद्र चेन्नई से 140 किलोमीटर और पुडुचेरी से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित है। सिस्टम अब उत्तर दिशा में लगभग 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
तमिलनाडु-आंध्र में भारी बारिश का अलर्ट : तमिलनाडु में लगातार मूसलाधार बारिश से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। राज्य में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मौसम विभाग ने उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के लिए आज भी रेड अलर्ट जारी किया है। पुडुचेरी में एहतियातन सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
श्रीलंका में दितवाह की भीषण तबाही : भारत से पहले श्रीलंका में दितवाह चक्रवात ने रिकॉर्ड बारिश और बाढ़ के साथ भारी विनाश किया। यहां अब तक 334 लोगों की मौत हो चुकी है और 370 लोग लापता हैं। लगभग 11 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 2 लाख से अधिक लोग अपने घर छोड़कर रिलीफ कैंपों में रह रहे हैं। कई जिलों में लैंडस्लाइड, सड़क धंसने और पुल टूटने की खबरें भी सामने आई हैं।
Indian News के WhatsApp Channel से जुड़े
भारत लौटे श्रीलंका में फंसे भारतीय यात्री : श्रीलंका के कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे भारतीय नागरिकों का अंतिम दल आज भारत पहुंचा। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से 104 भारतीय यात्रियों को ‘सागर बंधु’ ऑपरेशन के तहत तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट लाया गया। विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था।
प्रशासन अलर्ट मोड पर, राहत कार्य तेज : तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश से प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और स्थानीय टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप सेट लगाए गए हैं और जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की है।
@indiannewsmpcg
Indian News
7415984153

