Indian News : ग्वालियर | ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में शेर के नन्हे शावकों की दहाड़ से माहौल खुशनुमा होने लगा है। 30 दिन पहले मादा शेर (परी) ने 3 नन्हे शावकों को जन्म दिया था। उसके बाद इन्हें आइसोलेशन पीरियड में रखा गया था पर अब इन शावकों को उनकी मां बुधवार को पहली बार बाहर लेकर आई थी। पिंजरे से बाहर आते ही शावक अपनी मां के साथ अठखेलियां करने लगे। उनको खेलता देख चिड़ियाघर पहुंचे शहर के सैलानी भी काफी खुश नजर आए हैं। अब इनके नाम करण की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।


ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में 30 दिन पहले शेरनी परी ने तीन शावकों को जन्म दिया था। चिड़ियाघर प्रबंधन ने इनकी देखभाल के लिए इन्हें शेरनी के साथ 30 दिन तक पिंजरे में ही आइसोलेशन में रखा था। बुधवार को जब 30 दिन की अवधि पूरी हुई और शावक पूरी तरह स्वस्थ होकर पिजरे में अठखेलियां करने लगे तो चिड़ियाघर प्रबंधन ने उन्हें लोगों के दीदार के लिए शेरनी के साथ पिंजरे से बाहर निकाला। शेरनी परी अपने शावकों को लेकर केज से बाहर आई और शावक एक दूसरे के साथ अठखेलियां करते नजर आए। यह दृश्य देखने के लिए कई स्कूली बच्चे भी वहां पहुंचे थे।

आगरा से आए कुछ स्कूली बच्चे इस नजारे को देखकर बेहद खुश हुए। इस दौरान ग्वालियर नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल भी नन्हे मेहमानों के पिंजरे से बाहर आने पर बेहद खुश नजर आए। उनकी खुशी का भी ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने खुश होकर बच्चों का मुंह मीठा कराने के लिए उन्हें टॉफियां बांटी, स्कूली बच्चों ने कहा कि ऐसा आकर्षक नजारा उन्होंने पहली बार देखा है। इतने छोटे शेरों को लाइव देखा है।


30 दिन पहले मादा शेर (परी) ने तीन शावकों को जन्म दिया था। इनमें से एक मादा और दो नर हैं। इसके बाद उन्हें आइसोलेट कर दिया गया था। अब वह काफी स्वस्थ्य हैं। इसके साथ ही अब उनका नामकरण होगा। इसके लिए चिड़ियाघर में आने वाले सैलानियों से उनके नाम पूछे जाएंगे। उनके बताए नाम पर्ची के रूप में एक बॉक्स में डाले जाएंगे। उसी बॉक्स में से किसी तीन नाम को सिलेक्ट कर तीनों शावकों को नाम करण किया जाएगा।


शेरों की संख्या बढ़कर हो गई है आठ


ग्वालियर नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर प्रदीप श्रीवास्तव ने कहा यह बेहद खुशी की बात है कि ग्वालियर में लॉयन प्रजाति का कुनबा बढ़ रहा है। 30 साल बाद ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में लॉयन की ब्रीडिंग हुई है। अब इनकी संख्या बढ़कर 8 हो गई है, इन्हें मेहमानों के आने से चिड़ियाघर का माहौल बेहद खुशनुमा है और यह खबर चिड़ियाघर में सैलानियों को आकर्षित भी कर रहा है। शेरनी ने जिन तीन ने शावकों को जन्म दिया है उनमें दो नर और एक मादा है, चिड़ियाघर प्रबंधन अब जल्द ही इन नन्हे शावकों का नामकरण भी करेगा।

@indiannewsmpcg
Indian News

You cannot copy content of this page