Indian News : वेरावल (सोमनाथ) | गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारक और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की धुंआधार रैलियों को दौर जारी है। शनिवार को भी उन्होंने सौराष्ट्र में तीन रैलियां कीं। इसकी शुरुआत उन्होंने वेरावर में भगवान सोमनाथ के मंदिर में दर्शन व पूजन-अर्चन से की। इसके बाद उन्होंने सोमनाथ की रैली में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी जमकर निशाना साधा।

आम आदमी पार्टी का नमूना यहां आया है,


योगी ने कहा- आम आदमी पार्टी का नमूना यहां आया है, वह आतंकवाद का हितैषी है, राम मंदिर का विरोध करता है। जब भारतीय सेना पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक करती है तो वह हमारे वीर जवानों से सबूत मांगता है। पाकिस्तान कहता था कि भारत के सैनिकों ने हमारी कमर तोड़ दी, फिर भी आम आदमी पार्टी को सबूत चाहिए होता है। आतंकवाद व भ्रष्टाचार इनके जींस का हिस्सा है। कांग्रेस व आप समाज को तोड़ती है, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है और भाजपा का राष्ट्रवाद बिना भेदभाव सबका साथ और सबके विकास का भाव रखता है। किसी भी स्वाभिमानी को कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की तरफ नहीं जाना चाहिए। दोनों दल सत्तालोलुप हैं। इन्हें देश की सुरक्षा-समृद्धि से लेना-देना नहीं है, इसलिए आपका भी उनसे कोई लेना-देना नहीं होना चाहिए। इन्हें सत्ता का बंदरबांट चाहिए।




मोदी जी सीएम बने तो दंगा खत्म, पीएम बने तो आतंकी हमले खत्म


गरियाधार विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार केशू भाई नकरानी के पक्ष में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात की धरती महान है। यूपी में जन्मे भगवान कृष्ण कन्हैया यहां आकर द्वारकाधीश हो गए। अयोध्या के पास छपिया में जन्मे भगवान स्वामी नारायण गुजरात में आस्था के प्रतीक बनकर छा गए। दुश्मन अब भारत में निर्दोष नागरिकों को निशाना नहीं बना सकते, पहले राम मंदिर, काशी, गांधीनगर के स्वामी नारायण मंदिर, दिल्ली, मुंबई में कभी भी हमला हो जाता था। मोदी जी जब सीएम बने तो कर्फ्यू-दंगा और जब पीएम बने तो आतंकी हमले समाप्त हो गए।

नमूनों को देख आनंद लीजिए, विश्वास मत करिए


वहीं, अमरेली जनपद की सावरकुंडला विधानसभा के प्रत्याशी महेश भाई कशवाला के लिए प्रचार करते हुए योगी ने कहा- पीएम मोदी ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। हर नागरिक को अहसास कराया गया कि देश के प्रति सिर्फ अधिकार नहीं, कर्तव्य भी है। इस बार यहां कांग्रेस पहले ही हार स्वीकार कर चुकी है। दोनों भाई बहन चुनाव से गायब हैं, यही उनकी हार का परिणाम है। यह सब भारतीय राजनीति के नमूने हैं। इन्हें देखकर आनंद लेना चाहिए, इन पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

@indiannewsmpcg
Indian News

You cannot copy content of this page