Indian News : गाजियाबाद | गाजियाबाद के सिटी फॉरेस्ट इलाके में बच्ची की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है। उसके प्राइवेट पार्ट और शरीर पर खरोंच के निशान हैं। दुष्कर्म के बाद बच्ची को गला दबाकर मारा गया। इस मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। करीब 15 संदिग्धों से पूछताछ हो चुकी है।

22 घंटे बाद मिला था शव


साहिबाबाद थाना क्षेत्र के इलाके में एक राजमिस्त्री का परिवार रहता है। मजदूर की पांच वर्षीय बेटी गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे लापता हो गई। शुक्रवार दोपहर यानी 22 घंटे बाद करीब 12 बजे उसका शव घर से डेढ़ सौ मीटर दूर पड़ा मिला। गले में रस्सी के निशान थे, जिससे गला घोंटकर हत्या करने की आशंका जताई गई थी।


पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। इसमें बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर चोटों के निशान हैं। इससे लग रहा है कि हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। फिर भी स्लाइड बनाकर फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दी गई है।

उसकी रिपोर्ट आने में कुछ दिन लग सकते हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। इससे ये बात स्पष्ट हो जाती है कि दरिंदे ने गंदा काम करते वक्त बच्ची को हाथ से नोंचा होगा।


पुलिस मान रही है कि वारदात में कोई आस-पास का व्यक्ति शामिल हो सकता है। क्योंकि बच्ची घर के बाहर से लापता हुई और थोड़ी दूरी पर ही उसका शव मिला है। पुलिस का फोकस जुआरी-शराबी प्रवृत्ति के लोगों पर भी है। अब तक इस मामले में करीब 15 लोगों से पूछताछ हो चुकी है, लेकिन नतीजा शून्य है। परिजनों का कहना है कि आरोपी जो भी हो, उसे फांसी मिलनी चाहिए।


बच्ची के पिता ने आरोप लगाया था, पुलिस बिना बताए शव उठाकर पोस्टमॉर्टम हाउस पर ले गई। हमें सीधे पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहचान करने के लिए बुलाया गया, यह गलत है। पुलिस को मौके पर खोजी कुत्ते बुलाने चाहिए थे। हो सकता है कि वे कुछ सुराग ढूंढ देते, लेकिन ऐसा भी नहीं किया गया। हमें न्याय चाहिए। आरोपी जो भी हो, उसे फांसी की सजा होनी चाहिए।

@indiannewsmpcg
Indian News

You cannot copy content of this page