Indian News : भोपाल में बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में रह रही ब्यूटीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ब्यूटीशियन सिक्किम की रहने वाली थी। उसकी बॉडी में कांच और चाकू से चोट के घाव हैं। बॉयफ्रेंड ने सुसाइड का दावा किया है।

कपल एक महीने से लिव इन में रह रहा था। शनिवार रात दोनों ने ड्रिंक किया। इसी बीच बॉयफ्रेंड के मोबाइल पर किसी अन्य लड़की का कॉल आया। वह उससे बात करने लगा। ब्यूटीशियन के बॉयफ्रेंड ने बताया वह नशे की हालत में बेकाबू हो गई। मेरे साथ मारपीट करने के बाद घर के सामान में तोड़फोड़ की। मैं फोन पर बात करते हुए दूसरे कमरे में चला गया और कुंडी लगा ली। थोड़ी देर बाद बाहर आकर देखा तो उसने कांच की बोतल, चाकू से खुद को जख्मी कर लिया था। उसे हमीदिया में एडमिट कराया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

एडिशनल डीसीपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मूलत: सिक्किम की रहने वाली प्रेमा लांबा तमंग (24) ब्यूटीशियन थी। वह रोहित नगर में ब्यूटी पार्लर में जॉब करती थी। सालभर पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती शहडोल निवासी हर्ष केशरवानी से हुई थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। महीनेभर पहले ही दोनों ने इंद्रपुरी पिपलानी में किराए पर फ्लैट लिया था। लड़की के परिजन भोपाल में नहीं होने की वजह से अभी पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। उसके बॉयफ्रेंड से पुलिस पूछताछ कर रही है।




प्रेमा इससे पहले दिल्ली में जॉब करती थी। डेढ़ साल पहले ही वह भोपाल आई थी। पिपलानी इलाके में रहकर रोहित नगर में स्पा सेंटर में जॉब करती थी। बॉयफ्रेंड हर्ष निजी कॉलेज से बी.फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। हर्ष के परिजनों को प्रेमा के बारे में जानकारी नहीं थी। हर्ष का प्रेमा के अलावा एक अन्य युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा है।

पुलिस को घटना स्थल पर खून से सना चाकू, कांच के टुकड़े मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं से प्रेमा के शरीर पर चोट लगी है। इसके अलावा शराब की बोतल मिली है। प्रेमा भी ड्रिंक करने की आदी थी। पुलिस ने FSL (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) से भी जांच कराई है। FSL भी पता करने में जुटी है कि प्रेमा ने खुदकुशी की है या मर्डर हुआ है।

You cannot copy content of this page