Indian News : ग्वालियर में 5 रुपए के गुटखा के लिए युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक गुटखा के पैसे दिए बिना भाग रहा था। पान दुकान संचालक और उसके दो बेटों ने उसके पकड़कर लोहे के सरिए से मौत होने तक पीटा। लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए। वारदात ललितपुर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की बहन की मौत 11 दिन पहले ही हुई है। बीमारी के चलते बहन की मौत हुई थी।

कंपू थाना क्षेत्र के ललितपुर कॉलोनी के रहने वाले सुभाष उर्फ मटका उर्फ संजय शाक्य (26) नशे का आदी था। उसे गुटखा खाने की लत थी। कॉलोनी में ही करन सिंह की दुकान है। दोपहर करीब 3 बजे मटका आया। दुकान से 5 रुपए का गुटखा पाउच लिया। करन ने पैसे मांगे, तो वह गाली-गलौज कर धमकाने लगा और भाग गया। इस बीच, करन ने बेटे सचिन उर्फ संजय को आवाज लगाकर बुलाया। सचिन लोहे का सरिया लेकर दौड़ता हुआ आया। मटका उर्फ संजय को पकड़कर सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दोनों ने लात-घूंसों व लोहे के सरिए जमकर पीटा। हमलावर लहूलुहान हालत में उसे बेहोश समझकर भाग गए।

युवक को लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देख लोग और परिजन इकठ्ठा हो गए। उसे जयारोग्य अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को डेड हाउस में रखवाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।




आसपास लगे CCTV को जब खंगाला गया, तो एक CCTV में वारदात को अंजाम देने आए पिता-पुत्र सरिया समेत पीछे भागते नजर आए। इसी CCTV फुटेज में वह लौटते हुए भी दिख रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को भी जांच में शामिल कर लिया है।

कंपू थाना के सब इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि पान मसाला पाउच पर गाली-गलौज और झगड़े में वारदात की गई है। केस दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

@indiannewsmpcg
Indian News

You cannot copy content of this page