Indian News : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम फिर से शुरू किया है। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी हैं। सिंहदेव कवर्धा के प्रभारी मंत्री हैं। लेकिन इस बार पहली बार हुआ है जब जय-वीरू की यह जोड़ी भेंट-मुलाकात का मंच साझा कर रही है। इस बार उनका दौरा कबीरधाम जिले की कवर्धा विधानसभा सीट पर केंद्रित है। वहां झलमला में उनकी चौपाल हुई। इसके बाद सीएम समेत कई मंत्री,कलेक्टर ने सहसपुर लोहारा में किसान के घर में भोजन किया।

कबीरधाम जिले के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, अंचल में एक नया मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। राहुल गांधी ने अपने कवर्धा प्रवास के दौरान लोगों की मांग पर कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था, उनके वायदे और क्षेत्रीय लोगों की मांग का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। नये मेडिकल कॉलेज के संबंध में शीघ्र प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।




इसके बाद सीएम भूपेश ने कवर्धा शहर के राष्ट्रीय राज्यमार्ग क्रमांक 30 के सकरी नदी पर 9 करोड़ 10 लाख की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पुल इस जिले में विकास की नई इबारत लिखेगा और संपर्क क्रांति लाएगा।

सकरी नदी पर बना यह पुल शहर का सबसे ऊंचा पुल है। इसके बन जाने के बाद मध्यप्रदेश के जबलपुर, मंडला, रायपुर, मार्ग और राज्य के निकटतम जिला मुंगेली, बेमेतरा, बिलासपुर मुख्यालय के लिए हमेशा संपर्क बना रहेगा। नव निर्मित उच्च स्तरीय पुल के निर्माण होने से बारिश के मौसम में अब मध्यप्रदेश सहित निकटतम जिला मुंगेली, बेमेतरा से संपर्क बना रहेगा। बताया जा रहा है कि इस यह 100 साल पुराना पुला था। मगर वह काफी जर्जर हो चुका था। जिसे सुधरवाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में मंत्री अकबर ने सीएम बातचीत किया था। जिसक बाद यह उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया गया है।

इसके पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसान मोहन के घर में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक भोजन किया। कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री टीएस सिंहदेव, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, पंडरिया विधायक ममता चंद्राकर, कलेक्टर जनमेजय महोबे भी छत्तीसगढ़ी भोजन का आनंद लिया। किसान मोहन साहू ने बताया कि, वह भूमिहीन है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिया है कि, जांच करा लें, यदि भूमिहीन हैं और पात्रता में आते हैं, तो मोहन साहू को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का लाभ दें। उन्होंने बताया कि इस योजना से भूमिहीन श्रमिकों को प्रतिवर्ष 7 हजार रुपए की सहायता दी जाती है।

सहसपुर लोहारा में भी सीएम ने चौपाल लगाई। यहां सीएम ने कहा कि लोगों की आय में वृद्धि हो, देश में हम गोबर बेच कर आय में वृद्धि कर रहे हैं। गोबर से अब पेंट भी बन रहे हैं। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के तहत रोजगार दे रहे हैं। सी-मार्ट बनाया गया है, 28 जिला में बन गया है। बाकी जिलों में भी जल्द बनाएंगे। स्व-रोजगार की दिशा में हम लगातार बढ़ रहे हैं। स्वावलंबन की ओर बढ़ रहे हैं।ये सरकार की योजना नहीं, आम जनता की योजना है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान किसानों को पैरा दान की अपील की और कहा कि पैरा जलाए नहीं, इसे जलाना नहीं है। गोठान में पैरा दान करना है।

यूरोप और यूक्रेन में गेंहू का संकट

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन में सबका योगदान हो, मौसम में परिवर्तन हो रहा है। कार्बन उत्सर्जन को रोकना है। जिस तरह रामसेतु के निर्माण में गिलहरी का योगदान था। उसी तरह हमारा भी योगदान हो। जैविक खेती अपनाकर खुद को स्वस्थ रखें। इसे अपनाए। गेहूं बोएं और लाभ कमाए। यूरोप और यूक्रेन में गेंहू का संकट है। इसे ध्यान में रखते हुए इसकी खेती करें। चौपाल के दौरान सीएम ने खारा गांव की भारती झारिया की जमकर तारीफ की। भारती झारिया 2 एकड़ जमीन में नींबू, गन्ना और हल्दी लगाती हैं ताकि बंदर इन्हें नुकसान न पहुंचा सके। मुख्यमंत्री ने कहा महिलाओं में प्रबंधन का गुण सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है।

इसके पहले झलमला पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां सबसे पहले पचराही के शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के लिए सुख सम्रद्धि की कामना की है। आम जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि, मैं देखने आया हूं कि लोगों तक हमारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है या नहीं। सीएम के साथ मंत्री सिंहदेव के अलावा मंत्री मोहम्मद अकबर भी मौजूद हैं।

सीएम ने यहां लोगों से बातचीत की तब लोहारीडीह के किसान घनश्याम साहू ने बताया कि मेरा डेढ़ लाख रुपए का कर्जा माफ हुआ है। इस पैसे से मैंने ट्रैक्टर खरीदा है। इसके बाद सीएम ने कहा कि किसानों का ट्रैक्टर लोन न चुका पाने की वजह से जब्त नहीं हो रहा है, किसानों को पैसा मिल रहा है वे समय पर अपनी किश्त पटा पा रहे हैं। इसके अलावा सीएम ने यहां के लोगों से पूछा कि कितने लोगों का राशनकार्ड बना है, इस पर बड़ी संख्या में आम जनता ने हाथ उठाकर हां में जवाब दिया।

मुख्यमंत्री ने इन सब के अलावा राजीव युवा मितान क्लब के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यटन के विकास के लिए काम करें और स्थानीय युवाओं को पर्यटन रोजगार से जोड़ें। इसी दौरान सीएम ने बताया कि हमने तेंदूपत्ता संग्रहण दर बढ़ाकर 4 हजार रुपये प्रति मानक बोरा कर दिया है। 65 प्रकार के वनोपज खरीद रहे हैं और वैल्यू एडिशन पर काम कर रहे हैं, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने इन योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की लोगों से अपील की।

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार दोपहर में रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से भेंट-मुलाकात के लिए रवाना हुये थे। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और क्षेत्रीय विधायक व वन मंत्री मोहम्मद अकबर भी गए। सबसे पहले उनका हेलीकॉप्टर बोड़ला विकासखंड के झलमला गांव में उतरा था।

कवर्धा विधायक और वन मंत्री मोहम्मद अकबर मुख्यमंत्री की भेंट-मुलाकात की तैयारी के लिए एक दिन पहले ही क्षेत्र में पहुंच गए हैं। रविवार को उन्होंने सहसपुर लोहारा और वनांचल क्षेत्र झलमला गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रशानिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

You cannot copy content of this page