Indian News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो में गुरुवार की सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस व नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इसमें कोबरा बटालियन के पांच जवान घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया। मेडिका अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। पुलिस की मुठभेड़ एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा और अनमोल दा के दस्ते के साथ हुई थी। मुठभेड़ कई घंटें तक चली, इससे आस-पास के गांव में दहशत का माहौल रहा। मुठभेड़ में कृष्णकांत बोखारे (31 वर्ष) को छाती में गोली लगी है।

जवान सूरज कुमार (28 वर्ष) को दाहिने पैर में गोली लगी है। जवान सुशील लकड़ा (25 वर्ष) को बाएं पैर में चोट आई है। जवान बुध देव किशन (29 वर्ष)को बाएं हाथ में चोट आई है। वहीं, डॉग हैंडलर संदीप एम भी गोलीबारी में घायल हुए हैं। घायल जवानों ने भास्कर को बताया कि जंगल में जिस जगह मुठभेड़ हुई है, वह बेहद दुरूह इलाका है। मोबाइल नेटवर्क नहीं रहने के कारण काफी दिक्कतें हुईं। कोबरा बटालियन के जवानों ने किसी तरह डीजीपी कंट्रोल रूम से संपर्क साधा और घायलों की जानकारी दी। इसके बाद, जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बलों को घटनास्थल भेजा गया।

पुलिस व सीआपीएफ की कोबरा बटालियन गुरुवार की सुबह में टोंटो के लोआबेड़ा और तिलईबेड़ा के घने जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। करीब 8 बजे सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, सुरक्षाबलों के मुंहतोड़ जवाब देने पर नक्सली भाग गए। इसके बाद फिर सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। सुबह 11 बजे फिर मुठभेड़ शुरू हो गई। आधे घंटे के दौरान दोनों ओर से सैकड़ों राउंड गोलियां चलीं। गोलीबारी में 3 जवानों को गोली लगी, जबकि दो को छर्रे लगे। वहीं पुलिस का दावा है कि कुछ नक्सलियों को भी गोली लगी है, लेकिन वो मौके से भागने में सफल रहे। घायल जवानों को इलाज के लिए दो हेलीकॉप्टरों से रांची भेजा गया। इलाजरत सुरक्षाबलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान कई नक्सली कैंप को ध्वस्त किया गया है। नवंबर में टोंटो थाना क्षेत्र के चिड़ियाबेड़ा जंगल से 2 फीट कॉर्डेक्स वायर, 2 मोबाइल फोन, बैटरी, नक्सल साहित्य, मलेरिया किट, सर्जिकल आइटम और दैनिक उपयोग की अन्य चीजें बरामद की गई थीं। नक्सली लंबे समय से इस इलाके में बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे।

@indiannewsmpcg

Indian News

You cannot copy content of this page