Indian News : विशाखापट्नम में हत्या का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां मछुआरे की हत्या के मामले में मछली को आरोपी बनाया गया है। मछुआरे की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात मछली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मछुआरे जोगन्ना पर मछली ने हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

यह घटना उस समय हुई जब जोगन्ना पिछले बुधवार को विशाखापत्तनम के तट पर परवाड़ा इलाके में मछली पकड़ रहा था। मछली पकड़ने के दौरान जोगन्ना के साथ गए अन्य मछुआरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि मुथ्यालम्मा पालेम के पांच मछुआरों का एक दल समुद्र में मछली पकड़ने के लिए गया था।

इस दौरान जोगन्ना न जाने कैसे पानी में गिर गया। उस पर एक ब्लैक मार्लिन (कोमू कोनम) मछली ने हमला कर दिया। इस समुद्री जानवर की नुकीली नाक और तलवार की तरह का कांटा होता है। इससे जोगन्ना की पसली में गहरी चोट लगी। जब साथी मछुआरों ने उसे बाहर निकाला, तो देखा कि उसका बहुत ज्यादा खून बह रहा था।




जल्द से जल्द वे समुद्र से तट की तरफ लौटे और जोगन्ना को पास के अस्पताल में ले गए, लेकिन तब तक काफी खून बह जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपी मछली के खिलाफ धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रक्रिया और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के अनुसार, पुलिस ने मछली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की है। वकील अब्दुस सलीम ने कहा कि मछली के खिलाफ कानूनी प्रक्रियाओं और विभाजन के अनुसार, घटना के लिए मुकदमा दायर किया जा सकता है। मगर, उसके खिलाफ कार्रवाई संभव नहीं है।

You cannot copy content of this page