Indian News : बांका में बुधवार को भीषण रोड हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। भागलपुर दुमका मुख्य मार्ग पर बनगांव के पास ट्रक ने ऑटो को रौंद दिया। ऑटो पर सवार धोरैया थाना क्षेत्र के लपकी टिकर निवासी सरिता देवी, अमित कुमार, कुंदन कुमार, साजन कुमारी, मौसम देवी, अंकित कुमार और रजौन थाना क्षेत्र की खैरा गांव निवासी ममता देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

हादसे के बाद सभी को प्राथमिक इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजौन में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने घायलों को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया है। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने बताया कि कई जख्म इन लोगों की हालत गंभीर है।

वहीं घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बनगांव के पास दोपहर करीब 2:00 बजे ट्रक और टेंपो में टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो पर सवार सभी 7 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रजौन पुलिस मौके पर पहुंच गई है। रजौन थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

@indiannewsmpcg
Indian News

You cannot copy content of this page