Indian News : इंदौर | नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान दलों को प्रशिक्षण का सिलसिला जारी है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिन से चल रहा है। अब तक पौने सात हजार से अधिक कर्मचारियों को सुव्यवस्थित रूप से मतदान कराने के तौर-तरीके बताए गए। कर्मचारियों को निर्भीक, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से मतदान कराने की प्रक्रिया बताई गई। साथ ही निर्वाचन से संबंधित नियम और गाइडलाइन की जानकारी भी दी गई। शुक्रवार एक जुलाई को प्रशिक्षण का अंतिम दिन है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन 1100, दूसरे दिन 2800 तथा गुरुवार को पौने तीन हजार से अधिक मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस तरह कुल तीन दिनों में 6 हजार 800 मतदान कर्मी प्रशिक्षित किए जा चुके हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले 128 मतदान कर्मियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र के आधार पर मतदान करने की सुविधा भी दी जा रही है। विभिन्न शासकीय विभागों के कर्मचारियों ने निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र के आधार पर मतदान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदान कर्मियों को निर्भीक, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी रूप से मतदान कराने की प्रक्रिया समझाई गई। इन्हें उनके अधिकार और कर्तव्यों के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें निर्वाचन संबंधी और नियम और निर्देशों की जानकारी देने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के उपयोग और माक पोल के संबंध में भी बताया गया।




उल्लेखनीय है कि इंदौर जिले में नगर निगम के साथ ही आठ नगर परिषदों के लिए चुनाव हो रहा है। इसके लिए 6 जुलाई को मतदान होगा। नगर निगम क्षेत्र में महापौर और 85 वार्ड के पार्षद पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इसके लिए 2250 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुगम तरीके से मतदान के सारे इंतजाम किए गए हैं।

You cannot copy content of this page