Indian News : जबलपुर के सिहोरा में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें महाराष्ट्र के नांदेड़ के संत त्यागी महाराज सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में एक अन्य युवक घायल है। हादसा एनएच 30 के पास तड़के सुबह हुआ। हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। कार तेजी से आकर बांस से लदे ट्राले में घुस गई, जिसके चलते कार के एक तरफ का हिस्सा बांस के ट्राले में जा घुसा।

जानकारी के अनुसार संत छत्तीसगढ़ में किसी से मिलने के बाद सड़क मार्ग से होते हुए महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान कटनी-जबलपुर सीमा पर धनगवां के पास उनकी कार एमएच 26 एके 7133 हादसे का शिकार हो गई। हादसे में त्यागी नंद महाराज (45) और बलराम तुवर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य व्यक्ति घायल है।

सिहोरा थाना प्रभारी गिरीश धुर्वे ने बताया कि संत त्यागी महाराज की कार तेज रफ्तार में रही होगी और ट्राले को ओवरटेक करते समय चालक अपना नियंत्रण खो बैठा होगा, जिसके चलते कार हादसे का शिकार हो गयी। वहीं, कोहरे और तेज रफ्तार को भी हादसे की वजह माना जा रहा है।




अन्य चार को नहीं आई खरोंच

कार में सात लोग सवार थे। हादसे के वक्त संत त्यागी महाराज ड्राइवर के बगल वाली सीट में बैठे थे। हादसे के दौरान कार में सवार अन्य चार लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सिहोरा पुलिस ने मृतकों के शव पीएम के लिए भेज दिए हैं। त्यागी नंद महाराज महाराष्ट्र के नांदेड़ के प्रमुख संतों में गिने जाते हैं उनके निधन से उनके शिष्यों में शोक की लहर है।

You cannot copy content of this page