Indian News : बिलासपुर | केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बिलासपुर दौरे के दौरान रामायण महोत्सव के साथ कई अन्य मसलों पर छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस आज रामायण महोत्सव करा रही है । राम वन गमन पथ भी हमारी सरकार के कार्यकाल का हिस्सा था। ये नाम हमने ही दिया था।

चौबे के मुताबिक केंद्र हर तरह का सहयोग राज्य सरकार का कर रही है, बावजूद इसके यहां की सरकार सही काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण पर भ्रष्टाचार की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये कांग्रेस का दुष्प्रचार है। भाजपा राम मंदिर का निर्माण कर रही है। जनवरी में मंदिर तैयार होगा और आप सब उसके पुजारी होंगे।

केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को एसईसीएल के गेस्ट हाउस में मीडिया से चर्चा की। उनके मुताबिक भारत सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सात चरणों में छत्तीसगढ़ को 10 हजार करोड़ रुपए मूल्य का 28.8 लाख मीट्रिक टन चावल दिया । ये चावल दो करोड़ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को साल 2020 से लेकर दिसंबर 2022 तक निशुल्क वितरित किया गया। इससे कोविड के दौरान भी लोगों को राहत मिली । केंद्र सरकार ने पूरे देश में एफएसएसए के तहत 31 दिसंबर 2023 तक निशुल्क खाद्यान्न की अनुमति दी है, लेकिन दुर्भाग्य है कि राज्य सरकार उसे भी सही से नहीं दे पा रही है।




चौबे के मुताबिक केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ सरकार को कैंपा फंड के तहत 1 हजार करोड़ दिया। नगर वन योजना के तहत राज्य के 7 प्रस्तावों को पास कर 1186.68 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की। इसकी पहली किस्त 830.774 करोड़ जारी भी कर दी गई। स्कूल नर्सरी योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार को 41 स्कूल बनाने के लिए 38.90 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु योजना के तहत 246.7 करोड़ रुपए दिया गया। जिसमें रायपुर को 125.35 करोड़, भिलाई 118.35 करोड़ और कोरबा को 3 करोड़ की राशि दी गई।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में तीन टाइगर रिजर्व क्षेत्र हैं । भारत सरकार ने 5 अक्टूबर 2021 को देश का सबसे नवीनतम 54वां टाइगर रिजर्व की घोषणा की । ये टाइगर रिजर्व छत्तीसगढ़ में गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान और तमोर पिंगला के संयुक्त क्षेत्र को दिया गया है। दो साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना तक जारी नहीं की है।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा । उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी रामायण को काल्पनिक बताती है और वहीं अब छत्तीसगढ़ में रामायण महोत्सव करा रही है। ये अच्छी बात है, भगवान राम इनको सदबुद्धि दे। प्रदेश में अराजकता के साथ ही भ्रष्टाचार और घोटाले का बोलबाला है। इससे छत्तीसगढ़ वासियों का ध्यान हटाने के लिए राज्य सरकार प्रपंच कर रही है। रामायण को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस के नेताओं को उनकी ही राज्य सरकार जवाब दे रही है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को राम की याद सताने लगी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे ने कहा कि बिहार के सीतामढ़ी में भगवान विष्णु के पांचवे वामन अवतार की स्थापना की जानी है। इसके लिए राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ से पानी और मिट्टी मंगाई गई थी। राज्य सरकार ने वह भी नहीं भेजा। हमारे प्रस्ताव की उपेक्षा की। इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पवित्र जल और मिट्टी पहुंचाई।

अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री चौबे ने छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बुलाई बैठक में अधिकारियों को जमकर फटकारा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लेटलतीफी की जा रही है। योजनाओं में केंद्र के जनप्रतिनिधियों का जिक्र ना करने को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई।

@indiannewsmpcg

Indian News

7415984153

You cannot copy content of this page