Indian News : बुजुर्ग पेड़ों को नया जीवन देने के लिए देश का पहला शेल्टर होम भोपाल में बनाया गया है। नाम है- श्रीराम शतायु वनाश्रम। यहां प्राकृतिक आपदा की वजह से उखड़ गए या 100 साल की उम्र पूरी कर चुके पेड़ों को आश्रय दिया जाएगा। इस अनोखे शेल्टर होम को श्रीराम आस्था मिशन और नगर निगम तैयार कर रहा है।

राजाभोज एयरपोर्ट के पास एक एकड़ में यह शेल्टर होम को बनाया गया है। इस वनाश्रम में अभी आठ पेड़ों को शेल्टर देकर नया जीवन दिया गया है। ये सभी पेड़ 100 साल से भी अधिक पुराने हैं। अब इनमें कोपलें फूट गई हैं। सीएम हाउस के सामने 22 अगस्त को गिरे सतपर्णी के पेड़ को भी शेल्टर देकर नया जीवन दिया जाएगा।

राम आस्था मिशन के प्रवक्ता लब्धि शाह ने बताया कि श्रीराम शतायु वनाश्रम यानी शेल्टर होम बनाने का विचार कमला पार्क में गिरे बरगद के पेड़ को पुर्नस्थापित करने के दौरान आया। इसके बाद यहां 90 से 100 साल की उम्र के पेड़ों को शिफ्ट किया गया है। इसमें से फाइकस प्रजाति के पेड़ों में कोपलें निकलीं है। शाह ने बताया रिवेयरा टाउन के पास बन रहे राहुल नगर में 90 से 100 साल के 6 पेड़ है। जिसमें तीन इमली, दो गुलमोहर और एक गुलतर्रा प्रजाति का पेड़ है। इन्हें भी आने वाले तीन महीने में शिफ्ट किया जाएगा।

यदि किसी के यहां बुजुर्ग पेड़ गिर गया है तो उन्हें हटाने से पहले मोबाइल नंबर 92000-52000 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्हें श्रीराम शतायु वनाश्रम में निशुल्क शिफ्ट करेंगे।

शहर में कई पेड़ 100 साल से ऊपर के हैं। ऐसे में नगर निगम और राम आस्था मिशन के संयुक्त प्रयास से पेड़ों के लिए शेल्टर होम बनाया गया है। इसमें प्राकृतिक आपदा के अलावा अन्य बुजुर्ग पेड़ों को पुर्नस्थापित कर उन्हें नया जीवन देने की कोशिश चल रही हैं।

You cannot copy content of this page